
PARDARSHI VIKASH NEWS मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में मॉब लिंचिंग मामले में 14 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाने वाली अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) तबस्सुम खान को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है। वायरल वीडियो में एक युवक न्यायाधीश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए धमकी देता नजर आ रहा है। एक अन्य वीडियो में एक महिला ने भी अदालत के फैसले पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। मामला सामने आने के बाद गृह मंत्रालय की साइबर सेल ने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को आईटी एक्ट के तहत नोटिस भेजा है, जबकि सिवनी मालवा पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला 3 अगस्त 2022 की मॉब लिंचिंग घटना से जुड़ा है, जिसमें गो-तस्करी के संदेह में ट्रक सवार लोगों पर हमला किया गया था और नाजिर अहमद की मौत हो गई थी। 12 जून 2026 को अदालत ने 14 आरोपियों को हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य धाराओं में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।