
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। हजरतगंज स्थित श्रीराम टावर में बुधवार रात मोबाइल दुकान पर विवाद के बाद एक युवक ने दुकानदार पर पिस्टल से हमला कर दिया। आरोप है कि पूर्व सपा एमएलसी जयचंद भदौरिया के बेटे विवेक सिंह ने दुकानदार पर फायर किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद उसने पिस्टल की नोक से दुकानदार के सीने पर कई वार किए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।घटना श्रीराम टावर स्थित मोबाइल वाला दुकान की बताई जा रही है। दुकानदार काविश अदित ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9:54 बजे एक युवक मोबाइल लेने आया था। किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली नहीं चली।इसके बाद आरोपी ने पिस्टल से दुकानदार पर हमला किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शोर सुनकर आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।घटना से नाराज व्यापारियों ने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस पर देरी का आरोप लगाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।