news-details

मोबाइल चोरी कर खातों से रुपए उड़ाने वाला साइबर गिरोह पकड़ा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। सैरपुर थाना पुलिस और डीसीपी उत्तरी की क्राइम टीम ने मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से रकम निकालने वाले एक शातिर साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड, 22,260 रुपये नकद, चार्जर, मल्टी चार्जिंग केबल और वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई वर्ना कार बरामद की है।मामले का खुलासा तब हुआ जब सैरपुर निवासी सरोज कुमार ने 7 जून को मोबाइल चोरी होने और बैंक खाते से धनराशि निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के एसबीआई खाते से 1.36 लाख रुपये और पीएनबी खाते से 54 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर किसान पथ क्षेत्र में घेराबंदी की। यहां एक हुंडई वर्ना कार में सवार पांच संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी में चोरी के मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद हुई।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाजारों, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी करते थे। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप और सिम कार्ड का उपयोग कर नई यूपीआई आईडी बनाते और खाताधारकों की जानकारी के बिना उनके बैंक खातों से धनराशि ट्रांसफर कर लेते थे।गिरफ्तार आरोपी औरैया, शाहजहांपुर, हाथरस और हरदोई जिलों के निवासी हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।