
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। विश्वविद्यालय में ड्रेस कोड लागू किए जाने के विरोध में सोमवार को छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र भवन चौराहे पर एकत्र हुए छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क पर लेटकर विरोध जताया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाया।छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन नियमों के नाम पर छात्रों का उत्पीड़न कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पोस्टर लेकर “ड्रेस कोड नहीं, एजुकेशन अपग्रेड चाहिए” जैसे नारे लगाए।छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में ड्रेस कोड लागू करना गलत है। उनका तर्क है कि स्कूल स्तर तक ड्रेस कोड ठीक है, लेकिन विश्वविद्यालय में छात्रों को स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। छात्रों ने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था में समानता और सुविधाओं पर ध्यान देने के बजाय ड्रेस कोड थोपना उचित नहीं है।प्रदर्शनकारी छात्रों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।