
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बुधवार को पुत्रवती महिलाओं ने संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए ललही छठ का व्रत रखा। महिलाओं ने स्नान के बाद घरों के आंगन और दरवाजों पर पारंपरिक रूप से सागर खोदकर कुश व ढाक की टहनियां लगाईं। सागर में पानी भरकर महुआ, चना, मटर, गेहूं, दही, गुड़, पूड़ी और फूल-मालाओं से छठ माता की पूजा की। महिलाओं ने बेटों को सागर के पानी का स्पर्श कराया और माथे पर काजल लगाया। पूजा के दौरान सोहर और मंगलगीत भी गाए गए। अमेठी विकासखंड के कई गांवों में पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।