
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 600 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान लखीमपुर खीरी निवासी प्रकाश सिंह और आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी नेपाल से ब्राउन शुगर की खेप लेकर लखनऊ पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर बरेली यूनिट की टीम ने इटौंजा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर बुधवार रात करीब 8:50 बजे दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड और 150 नेपाली रुपये भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल से हेरोइन खरीदकर लाते थे और उसे मुंबई तथा पुणे जैसे शहरों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस कारोबार से उन्हें मोटा मुनाफा होता था। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाने में लगी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ इटौंजा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।