news-details

लखनऊ एयरपोर्ट पर बम की सूचना से हड़कंप

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान में शुक्रवार सुबह बम होने की सूचना मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। विमान में सवार 180 यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल आपात प्रोटोकॉल लागू किया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या 6E2111 दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान विमान के शौचालय में एक टिश्यू पेपर पर बम से संबंधित धमकी लिखी मिली। सूचना मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अवगत कराया, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, फायर टीम और मेडिकल टीम को मौके पर बुला लिया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और यात्रियों के सामान की गहन जांच की। काफी देर तक चली तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह किसी शरारती तत्व की फर्जी धमकी थी। घटना के चलते कुछ समय के लिए यात्रियों में दहशत का माहौल रहा, लेकिन सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। जांच पूरी होने और खतरा न मिलने के बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए अनुमति दे दी गई। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां टिश्यू पेपर पर धमकी लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी हुई हैं।