
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज के कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला प्रशासन और जिला विद्यालय निरीक्षक की टीमों ने ताशकंद मार्ग और पत्रिका चौराहे के आसपास स्थित प्रमुख कोचिंग संस्थानों में निरीक्षण अभियान चलाया, जिसके बाद संचालकों ने सुरक्षा व्यवस्था में तेजी से सुधार शुरू कर दिया है।ताशकंद मार्ग स्थित कई बड़े कोचिंग संस्थानों में अब ऑटोमैटिक गेट हटाकर सामान्य निकास द्वार लगाए जा रहे हैं, ताकि आपात स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। इसके साथ ही प्रत्येक संस्थान में कम से कम दो फायर-एक्जिट की व्यवस्था की जा रही है और एसी प्लांट व वेंटिलेशन सिस्टम की भी दोबारा समीक्षा की जा रही है।प्रशासन की सख्ती के चलते कई छोटे और मानकों का पालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थान बंद हो चुके हैं। वहीं, बड़े संस्थानों का कहना है कि वे सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन लगातार हो रही कार्रवाई से पढ़ाई और संचालन प्रभावित हो रहा है।प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके