
पारदर्शी विकाश न्यूज़ ललितपुर। जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, बार-बार विद्युत ट्रिपिंग और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान नागरिकों ने प्रशासन से राहत की मांग उठाई है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी एड. के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था सुधारने एवं उपभोक्ताओं को मुआवजा दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत विभाग की अव्यवस्थाओं के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार बिजली गुल होने और वोल्टेज के लगातार घटने-बढऩे से लोगों के बिजली उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भीषण गर्मी के बीच तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे समय में लोग पंखा, कूलर और एसी के सहारे राहत पाने की कोशिश करते हैं, लेकिन बार-बार बिजली कटौती के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश विद्युत प्रदाय संहिता 2005 का हवाला देते हुए कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही से प्रभावित उपभोक्ताओं को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने मांग की कि जब तक विद्युत व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जाती, तब तक प्रत्येक प्रभावित उपभोक्ता को प्रतिदिन 50 से 500 रुपये तक मुआवजा दिया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में महेंद्र कुमार पाराशर एड., कैलाश नारायण एड., अजय सिंह राजपूत एड., दीपक सिंह राजपूत एड., अनुराग सिंह एड., भूपेंद्र सिंह एड., शैलेन्द्र सिंह लोधी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।