
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चकेरी पुलिस ने लूट और वाहन चोरी की वारदातों में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिलें, 24 हजार रुपये नकद और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फतेहपुर निवासी कुंदन पटेल उर्फ अर्जुन भड़ैया (22) और कल्याणपुर के साई गांव निवासी कृष्ण उर्फ आदेश (19) के रूप में हुई है। दोनों को एयरपोर्ट कट के पास अहिरवां चौकी क्षेत्र से चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।एसीपी कैंट अमित चौरसिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने लूट और बाइक चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इनमें रायपुरवा क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूट और चकेरी से बाइक चोरी की घटना भी शामिल है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी कुंदन पटेल के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।