news-details

लोलार्क छठ पर अघोरपीठ में उमड़ा आस्था का सैलाब

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। अघोर परंपरा के प्रमुख केंद्र बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में 17 सितंबर को लोलार्क छठ का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बाबा कीनाराम जी के जन्म के छठवें दिन मनाए जाने वाले इस पर्व में देश-विदेश से श्रद्धालु, साधु-संत और साधक पहुंचे। सुबह आश्रम परिसर की साफ-सफाई और आरती के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा कीनाराम जी, अघोरेश्वर महाप्रभु बाबा भगवान राम सहित विभिन्न समाधियों के दर्शन किए।सुबह करीब 9 बजे अघोराचार्य महाराज बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के कक्ष से बाहर आते ही घंटा, डमरू और शंखनाद के साथ ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से परिसर गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजन और प्रसाद ग्रहण किया। अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान की महिला मंडल की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।आश्रम के बाहर विशाल मेले में सैकड़ों दुकानें लगीं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन और आश्रम प्रबंधन ने समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं संभालीं। पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।