news-details

लेखपाल परीक्षा में नकल गिरोह का भंडाफोड़

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की लेखपाल परीक्षा के दौरान गुरुवार को किदवई नगर स्थित महिला महाविद्यालय और चुन्नीगंज स्थित बीएनएसडी इंटर कॉलेज में नकल का मामला सामने आया। पुलिस ने दो अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस के साथ गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार महिला महाविद्यालय में पकड़े गए अभ्यर्थी के पास से अंडरगारमेंट में छिपाई गई ब्लूटूथ डिवाइस और सिम लगी एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुई, जिससे वह बाहर से संपर्क में था। वहीं बीएनएसडी इंटर कॉलेज में दूसरे अभ्यर्थी को जूते और हाथ में छिपी डिवाइस के साथ पकड़ा गया, जिसे कक्ष निरीक्षक ने चेकिंग के दौरान पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस और परीक्षा केंद्र प्रशासन के अनुसार दोनों अभ्यर्थी परीक्षा में नकल कराने के लिए अत्याधुनिक ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसमें से एक डिवाइस स्किन कलर की थी ताकि आसानी से पकड़ी न जा सके। जांच में यह भी सामने आया कि अभ्यर्थी कान के जरिए बाहर से सवालों के जवाब ले रहे थे।पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश 2024 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं कि दोहरी जांच के बावजूद अभ्यर्थी डिवाइस अंदर ले जाने में कैसे सफल हो गए।