news-details

लू का खतरा बढ़ा; प्रशासन की एडवाइजरी जारी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़
बुधवार को तापमान बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। सड़कों पर लोग चेहरे ढककर निकलते दिखे, वहीं बच्चों को धूप से बचाने के लिए अभिभावक छाते का सहारा लेते नजर आए।बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अधिक तापमान में शरीर से तरल पदार्थ तेजी से कम होते हैं, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। एडवाइजरी में दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। लोगों से मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने को कहा गया है। अधिक पानी पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय गमछा, टोपी, चश्मा और छाता इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है। खुले में काम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने, शरीर को ढककर रखने और समय-समय पर आराम करने को कहा गया है। साथ ही ओआरएस, छाछ, लस्सी, नींबू पानी और आम का पन्ना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है, जबकि शराब, चाय और कॉफी से बचने को कहा गया है। प्रशासन ने कहा है कि लू के लक्षण दिखने पर व्यक्ति को तुरंत छांव में लिटाकर शरीर ठंडा करें और डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही घर को ठंडा रखने, हवादार बनाए रखने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

बढ़ती गर्मी में लू से बचाव बेहद जरूरी है। दोपहर में धूप से बचें, अधिक पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें। लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें। सभी नागरिक सतर्क रहें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।-जिलाधिकारी सत्य प्रकाश