
पारदर्शी विकास ब्यूरो
हाटा (कुशीनगर)। नगर पंचायत सुकरौली के वार्ड नंबर 13 लोहरैया में आयोजित लोहरैया क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट के तीसरे दिन मुकाबला पूरी तरह रोमांच से भरपूर रहा, लेकिन अंत में अनमोल मेगा मार्ट सुकरौली की टीम ने एकतरफा जीत दर्ज कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अनमोल टीम ने निर्धारित ओवरों में 135 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और शानदार चौके-छक्कों की बरसात कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विजईकाफ टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम कभी भी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और निर्धारित ओवरों में लक्ष्य से काफी पीछे रह गई। अनमोल मेगा मार्ट सुकरौली ने 65 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी। खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साह ने पूरे मैच को उत्सव जैसा बना दिया। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्य गोविंद पटेल, श्रवण पटेल, यूनिस खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। समिति ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना बनाए रखने की अपील की।