
Pardarshi Vikas News Kushinagar
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, कुशीनगर परिसर में गुरुवार को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकोला के विधायक विनय प्रकाश गोंड ने योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर लोहार, नाई तथा राजमिस्त्री ट्रेड से जुड़े लाभार्थियों को उनके कार्य से संबंधित टूलकिट वितरित की गई। टूलकिट मिलने से लाभार्थियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे अपने रोजगार को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य ने उपस्थित युवाओं एवं लाभार्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक संसाधनों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी देते हुए युवाओं से स्वरोजगार की दिशा में आगे आने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उद्योग आलोक कुमार गुप्ता, विभागीय कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।