
पारदर्शी विकास ब्यूरोहाटा/कुशीनगर। कुशीनगर जनपद के सुकरौली नगर पंचायत क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हाटा से गोरखपुर की ओर जा रही एक बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई, जिससे वाहन में सवार तीन लोग घायल हो गए।यह हादसा नगर पंचायत सुकरौली स्थित ओम साईं बाबा हॉस्पिटल के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने और तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और अवैध पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।