
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह जमीन विवाद की सूचना पर जा रही PRV 6599 खराब रास्ते के कारण अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। हादसे में सब कमांडर कांस्टेबल रामदुलारे और चालक हेड कांस्टेबल विनय ऋषिश्वर घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल उन्नाव में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:50 बजे लगलेसरपुर गांव से जमीन विवाद की सूचना 112 पर मिली थी। सूचना पर PRV टीम गांव के लिए रवाना हुई थी। बाबाखेड़ा गांव से पहले खराब रास्ते पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को PRV 6116 से जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।