news-details

खराब बस के पास खड़े यात्रियों को कंटेनर ने कुचला

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के एटा में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए। हादसा बागवाला थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एटा से दिल्ली जा रही रोडवेज बस खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। गर्मी के चलते कई यात्री बस से उतरकर बाहर खड़े थे। तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से बस में टक्कर मार दी और बाहर खड़े यात्रियों को कुचलते हुए सड़क पार निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक खराबी दूर कराने गया हुआ था। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बस के अंदर बैठे होने के कारण सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा क्रेन की मदद से बस और कंटेनर को हटाकर यातायात बहाल कराया। मृतकों में बुलंदशहर और फर्रुखाबाद के निवासी शामिल हैं, जबकि एक शव की पहचान नहीं हो सकी है। जिला प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी है।