news-details

खड्डा (कुशीनगर) में भीषण आग, कई घर जलकर राख — लाखों का नुकसान

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

खड्डा, कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सबया आबादकारी गांव में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। तेज पुरुवा हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कई घर इसकी चपेट में आ गए।

ग्रामीणों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर सहित रोजमर्रा का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक यूनुस, मुस्तुफा, इस्लाम, नसरू, नूरुद्दीन, तैयब, हैबत, साकिर, हिदायत, मंसूर और मुन्ना समेत कई परिवारों का सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।

घटना में दो बकरियों के जलकर मरने और एक महिला के झुलसने की भी सूचना है। मौके पर पहुंचे ग्राम सचिव और हल्का लेखपाल द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि इस हादसे के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।