news-details

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

You can share this post!


13 नमूने जांच को भेजे, 375 किलो सॉस नष्ट

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाते हुए सोमवार को कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।कार्रवाई के दौरान दादा नगर, दबौली, शारदा नगर, जूही और रूमा क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठानों से मिक्स अचार, आम का अचार, लहसुन अचार, चिली सॉस, ग्रीन चिली सॉस, स्नैक्स सॉस, कॉन्टिनेंटल सॉस, विनेगर और सरसों के तेल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को संदेहास्पद स्थिति में बाजार से वापस आई 175 किलो कॉन्टिनेंटल सॉस और 200 किलो ग्रीन चिली सॉस मिली। खाद्य पदार्थों के दोबारा उपयोग की आशंका को देखते हुए करीब 75 हजार रुपये मूल्य की कुल 375 किलो सॉस को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।इसके अलावा जाजमऊ स्थित विशाल भारत इंडस्ट्रीज के निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबार संचालक मौके पर नहीं मिला। आवश्यक दस्तावेज और जवाबदेही सुनिश्चित न होने पर विभागीय अधिकारियों ने परिसर को सीज कर दिया।खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी 13 नमूनों को विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।