news-details

खाताधारकों ने मांगी जमा पूंजी वापस

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ।  मोहन रोड स्थित शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में कथित करोड़ों रुपये के एफडी घोटाले को लेकर खाताधारकों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में पीड़ित बैंक पहुंचे और अपनी जमा रकम वापस दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते बैंक का कामकाज भी प्रभावित रहा।खाताधारकों का आरोप है कि बैंक मित्र शिवा राव और उसके सहयोगी दीपक ने अधिक ब्याज का झांसा देकर एफडी के नाम पर लोगों से लाखों रुपये जमा कराए। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पीड़ितों को उनकी मेहनत की कमाई वापस नहीं मिल सकी है। इसे लेकर खाताधारकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर बैंक ऑफ बड़ौदा के डिप्टी रीजनल मैनेजर अनीश कुमार भारती मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि बैंक मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और कुछ खाताधारकों का भुगतान जल्द कराने का प्रयास किया जा रहा है।हालांकि, प्रदर्शन कर रहे खाताधारकों ने बैंक अधिकारी के आश्वासन पर असंतोष जताया। उनका कहना था कि पहले भी कई बार भरोसा दिलाया गया, लेकिन अब तक किसी को पूरी रकम वापस नहीं मिली। पीड़ितों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी जमा पूंजी नहीं लौटाई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।बैंक परिसर में प्रदर्शन के दौरान लगातार नारेबाजी होती रही। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। बैंक अधिकारियों ने कहा कि पीड़ितों की समस्या के समाधान के लिए उच्च स्तर पर कार्रवाई जारी है।