news-details

खेत तालाब योजना: किसानों को 50% अनुदान, बुकिंग शुरू

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी
जल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि विभाग ने खेत तालाब योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की बुकिंग शुरू कर दी है। यह योजना राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के ‘पर ड्राप मोर क्राप’ घटक के अंतर्गत संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य वर्षा जल संचयन के साथ किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें मछली पालन, सिंघाड़ा उत्पादन व मोती पालन जैसी गतिविधियों से अतिरिक्त आय का अवसर देना है। भूमि संरक्षण अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि योजना के तहत खेत तालाब निर्माण पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम राशि 52,500 रुपये होगी। तालाब का निर्धारित आकार 22×20×3 मीटर रखा गया है, जिसकी अनुमानित लागत 1.05 लाख रुपये है। अनुदान का भुगतान डीबीटी के माध्यम से दो किस्तों में किया जाएगा। पहली किस्त कच्चे कार्य के पूरा होने पर और दूसरी किस्त पक्का इनलेट निर्माण के बाद दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का फार्मर रजिस्ट्री होना अनिवार्य है और चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट या भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9889398857 पर संपर्क किया जा सकता है।