
पारदर्शी विकास, महोबा। जिले के महोबकंठ थानांतर्गत पिपरी गांव निवासी एक प्रौढ़ किसान की अज्ञात हत्यारोपियों ने नृशंस हत्या कर दी और मौका पाकर भाग गए है। आरोप है कि हत्यारोपियों ने हाथ पैर तोड़कर सिर पर प्रहार कर हमेशा के लिए मौत की नींद सुलाई है। सूचना पर अभी रात्रि में संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया है। बता दें कि पिपरी गांव निवासी 54 वर्षीय मृतक किसान हरनारायण राजपूत पुत्र हल्काई सोमवार देर शाम घर से खाना खाकर गांव से कोई डेढ़ किमी दूर खेत पर बनी कोठी गया था। आज मंगलवार को वह वहीं पर रहा और देर शाम तक खाना खाने के लिए घर न आने पर पत्नी ने मोबाइल पर फोन लगाया तो रिंग जाने के बाद कोई जवाब नहीं मिला तो वह परेशान हो गई। शाम 7 बजे के लगभग अपने पारिवारिक भतीजे प्रधान प्रतिनिधि स्वतंत्र राजपूत को लेकर खेत पहुंची तो किसान हरनारायण रक्तरंजित हालत में खेत पर पड़े थे तथा शरीर पूरी तरह से धूप के कारण जला था और दोनों हाथ पैर टूटे प्रतीत हो रहे थे तथा सिर चोट के निशान थे व पास में लोहे की रॉड(सब्बल) पड़ी थी। इससे ऐसा प्रतीत हुआ कि हत्यारोपियों ने लोहे की रॉड से प्रहार कर मौत की नींद सुलाई और भाग गए। मामले में सूचना महोबकंठ थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार को दी और वह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अभी रात्रि दस बजे समाचार लिखे जाने तक पुलिस बल बारीकी से जांच पड़ताल कर रही थी तथा शव को कब्जे में लिया है। वहीं किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। हत्या की घटना के पीछे के कोई ठोस कारण उभरकर सामने नहीं आए है।सूचना पर क्षेत्राधिकारी रविकांत गौड़ भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
मृतक हरनारायण के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होते ही सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जाएगा तथा पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण भी स्पष्ट हो सकेगा।
-थाना प्रभारी निरीक्षक महोबकंठ विनोद कुमार