news-details

खेत जा रही महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्राम पंचायत सारंग छपरा की एक महिला से कृषि कार्य के लिए खेत जाते समय बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गले से आभूषण झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारंग छपरा निवासी किरण बुधवार की शाम करीब चार बजे अपने खेत की ओर कृषि कार्य के लिए जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।पीड़िता किरण ने बताया कि वह खेत जा रही थीं तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से चेन खींच ली। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।घटना के बाद पीड़िता ने खड्डा थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।थाना प्रभारी खड्डा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।