
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में कुत्तों के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बाबूपुरवा इलाके में शुक्रवार शाम एक जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने 5वीं कक्षा के छात्र पर हमला कर उसे घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने लाठी-डंडे लेकर कुत्ते को भगाया, जिसके बाद बच्चे की जान बच सकी।बाबूपुरवा निवासी सोना-चांदी कारोबारी बृजेश सिंह का 11 वर्षीय बेटा संस्कार कोचिंग से घर लौट रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति के पालतू जर्मन शेफर्ड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने छात्र की जांघ में काट लिया।बच्चे की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को दूर भगाया। घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि कुत्ते को अक्सर खुला छोड़ा जाता है, जिससे पहले भी लोगों को परेशानी हो चुकी है।शहर में इससे पहले भी कुत्तों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खूंखार कुत्तों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।