news-details

KGMU शिक्षक संघ के महासचिव डॉ. संतोष कुमार ने दिया इस्तीफा

You can share this post!

  पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) शिक्षक संघ के महासचिव डॉ. संतोष कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष को भेजे गए इस्तीफा पत्र में उन्होंने शिक्षकों की घटती भागीदारी, लंबित मांगों और संगठनात्मक चुनौतियों को अपने निर्णय का प्रमुख कारण बताया है।डॉ. संतोष कुमार ने लिखा कि एक दशक से अधिक समय तक महासचिव के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने शिक्षकों के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया। उनके अनुसार शिक्षक संघ के प्रयासों से शिक्षकों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिले, जिनमें SGPGI के समान वेतन और भत्तों जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।उन्होंने कहा कि अर्जित अवकाश (Earned Leave), ग्रेच्युटी, कॉन्फ्रेंस भत्ता, प्रशासनिक पारदर्शिता और शिक्षकों के प्रार्थना-पत्रों के समयबद्ध निस्तारण जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें अब भी लंबित हैं। इन मुद्दों को कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाया गया, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं मिल सका।इस्तीफा पत्र में उन्होंने शिक्षकों की घटती सहभागिता पर भी चिंता जताई। दिवंगत शिक्षकों के परिवारों की सहायता के लिए एक दिन का वेतन दान अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि समय के साथ सहयोग करने वाले शिक्षकों की संख्या लगातार कम होती गई।डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए महासचिव पद पर बने रहने का औचित्य नहीं रह गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया नेतृत्व शिक्षकों की लंबित मांगों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा और संगठन को नई दिशा देगा। उनके इस्तीफे के बाद विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न चर्चाएं शुरू हो गई हैं।