news-details

कसया तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। तहसील कसया में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की। उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए सौंपते हुए जिलाधिकारी ने शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं के साथ सतत संवाद बनाए रखें, निष्पक्ष जांच करें और ऐसा समाधान दें जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि एवं पारिवारिक विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने पर बल दिया, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ शिकायतकर्ताओं को त्वरित न्याय मिल सके।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों में मौके पर ही समाधान का प्रयास किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी कसया, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।