
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कसया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कसया नगर के कई निजी अस्पतालों में अचानक निरीक्षण किया। डॉ. हिमांशु मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ओम साईं हॉस्पिटल, सोनमती हॉस्पिटल और स्टार हॉस्पिटल समेत कई निजी अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।अचानक हुई जांच से अस्पताल संचालकों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान कुछ अस्पतालों में संबंधित चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले। वहीं कुछ स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। टीम ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की व्यवस्थाओं को भी बारीकी से देखा, जहां कुछ अस्पतालों में निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थाएं नहीं मिलीं।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए कुछ अस्पताल संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।अधिकारियों ने अस्पताल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त रखें। नियमों की अनदेखी मिलने पर आगे कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।जांच टीम में डॉ. मार्कंडेय चतुर्वेदी, डॉ. मनोज राय और डॉ. सुभाष शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संकेत दिया कि कसया नगर के अन्य निजी अस्पतालों का भी औचक निरीक्षण किया जा सकता है। इससे निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।