
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में कसया नगर के एक होटल में आयोजित ग्रामीण आनंद उत्सव के अंतर्गत छह दिवसीय “योग, ध्यान और प्राणायाम” वेलनेस कोर्स का समापन “स्वस्थ रहें, निरोग रहें” के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।शिविर का संचालन योग प्रशिक्षिका किरन दीदी और डॉ. साधना के निर्देशन में किया गया। प्रत्येक दिन कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्री रवि शंकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। शिविर के दौरान प्रतिभागियों—विशेषकर शिक्षकों और विद्यार्थियों—को सुदर्शन क्रिया, योग और प्राणायाम के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों की जानकारी दी गई तथा नियमित अभ्यास भी कराया गया।डॉ. साधना ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन में अपनाकर व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकता है, बल्कि मानसिक शांति और जीवन में आनंद की अनुभूति भी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सभी से योग को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।इस अवसर पर श्री श्री ज्ञानमंदिर द्वारा संचालित विद्यालयों के प्रबंधक महेश प्रसाद, हरि यादव सहित श्री श्री ज्ञान मंदिर, गौतम बुद्ध प्राथमिक विद्यालय परसौनी और राम जानकी प्राथमिक विद्यालय बाड़ीपुल के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।