
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। मलिहाबाद स्थित कसमंडी कलां इलाके में पुराने किले को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को और अधिक गरमा गया। विवादित स्थल पर अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी पूजा की थाली लेकर पहुंचे और प्रशासनिक रोक के बावजूद वहीं बैठकर आरती की। पुलिस बल ने जब उन्हें आगे बढ़ने से रोका तो वे जमीन पर बैठ गए और किले की दिशा में आरती उतारकर विरोध जताया। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने दावा किया कि यह स्थल मस्जिद नहीं बल्कि ऐतिहासिक कंसा पासी का किला है और इसे धार्मिक रूप से मुक्त कराया जाना चाहिए।इस दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। गांव में लगभग चार साल पहले एक मौलाना द्वारा यहां गतिविधियां शुरू करने और ढांचे के पास मस्जिद व मदरसा बनाए जाने के बाद से मामला लगातार तूल पकड़ता गया। अब प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए निगरानी कड़ी कर दी गई है।