
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के पीपरगांव में रविवार रात करंट लगने से 10 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय विष्णु गौतम की पुत्री पारुल उर्फ मिठ्ठी रात करीब साढ़े नौ बजे घर के बाहर निकल रही थी। इसी दौरान सरकारी बिजली के पोल से लटक रही एक केबिल में करंट आने के कारण लोहे के दरवाजे में विद्युत प्रवाह उतर आया। जैसे ही बालिका ने दरवाजे को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई।परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पारुल अपने पांच भाइयों में सबसे छोटी थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां राजनीका का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं।परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी और बिना किसी कानूनी कार्रवाई के बालिका का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने और खुले तारों तथा खराब केबिलों की समय पर मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।