
क्राइम मीटिंग के कुछ घंटों बाद दो वीडियो वायरल
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में मादक पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगाने को लेकर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल की सख्ती के बीच कर्नलगंज क्षेत्र के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। वायरल वीडियो में नशीले पदार्थों की कथित बिक्री और एक संदिग्ध तस्कर को पुलिस के हवाले किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वीडियो की सत्यता और समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।मंगलवार देर शाम हुई क्राइम समीक्षा बैठक में पुलिस कमिश्नर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि कई थाना क्षेत्रों में खुलेआम मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री हर हाल में रोकी जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक के कुछ घंटे बाद रात करीब 11 बजे दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। पहला वीडियो रहमानी मार्केट के पास का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक कथित रूप से नशीले पदार्थ की पुड़िया बेचता दिखाई दे रहा है। दूसरा वीडियो जुगियाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें स्थानीय लोग एक संदिग्ध तस्कर को पकड़कर पुलिसकर्मियों के हवाले करते नजर आ रहे हैं।वीडियो में दो पुलिसकर्मी युवक को बाइक पर बैठाकर ले जाते दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे छोड़ दिया। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि इसी गैंग के कुछ सदस्यों ने हाल ही में बजरिया के छोटे जुगियाना, बड़ा जुगियाना और कर्नलगंज स्थित बम पुलिस चौकी के पास 5 से 6 राउंड हवाई फायरिंग की थी।फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी है। वीडियो की सत्यता और उसमें किए जा रहे दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।