
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में गुरुवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद में अपना सफल कार्यकाल पूर्ण करने के उपरांत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर आलोक सक्सेना (अवकाशप्राप्त) ने अपना कार्यभार नवागत अधिकारी कर्नल डॉ. सुधाकर त्यागी (अवकाशप्राप्त) को सौंप दिया।समारोह में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने पुष्पमालाएं भेंट कर विंग कमांडर आलोक सक्सेना का सम्मान किया और उन्हें भावभीनी विदाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुशीनगर में बिताया गया उनका कार्यकाल अत्यंत सुखद, प्रेरणादायक और यादगार रहा। उन्हें पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों तथा कार्यालय कर्मियों का भरपूर सहयोग, स्नेह और सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि किसी पूर्व सैनिक को उनकी सहायता की आवश्यकता होगी तो वे सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।कार्यभार ग्रहण करने के बाद कर्नल डॉ. सुधाकर त्यागी ने विंग कमांडर आलोक सक्सेना के कार्यों और अनुभवों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा अन्य अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होने से पूर्व सैनिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान संभव हो सका। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।समारोह में वरिष्ठ पूर्व सैनिक मेजर (डॉ.) महेश वरनवाल, कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन डी.एस. पाण्डेय, कैप्टन शमशुद्दीन, अनिल सिंह और एस.पी. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय स्टाफ के प्रभाकर नाथ तिवारी, राजेश कुमार गुप्ता, धर्मशीला, जालंधर तथा अन्य कर्मचारियों के सहयोग से किया गया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह समारोह पूर्व सैनिकों और अधिकारियों के बीच आपसी सम्मान एवं सहयोग की भावना का प्रतीक बन गया।