news-details

कप्तानगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। तहसील कप्तानगंज में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए।सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 69 प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।शिकायतों में सर्वाधिक 64 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जिनमें 14 का निस्तारण किया गया और 50 प्रकरण लंबित रहे। पुलिस विभाग से चार शिकायतें तथा विकास विभाग से एक शिकायत प्राप्त हुई। इसके अलावा अन्य विभागों से संबंधित 14 प्रार्थना पत्र भी आए। संयुक्त राजस्व एवं पुलिस, समाज कल्याण, शिक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने जनसुनवाई में प्राप्त पुलिस संबंधी शिकायतों के निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि एवं पारिवारिक विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई।सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी कप्तानगंज, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला पंचायतराज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं तहसील के कर्मचारी उपस्थित रहे।