news-details

‘कलम की ताकत को मिले सुरक्षा का कवच’

You can share this post!


पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर एकजुट हुए पत्रकार

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कसया, कुशीनगर। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पत्रकारों की आवाज अब और बुलंद होती दिखाई दे रही है। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (एबीपीएसएस) की जिला स्तरीय बैठक रविवार को कसया में आयोजित हुई, जहां पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को लेकर लखनऊ में होने वाले महा सम्मेलन की रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में वक्ताओं ने पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, उत्पीड़न और चुनौतियों पर चिंता जताते हुए एकजुटता का संदेश दिया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रताप नारायण सिंह ने कहा कि पत्रकार केवल खबर लिखने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और सत्ता के बीच सच का सेतु होता है। उसकी कलम जनभावनाओं की आवाज बनकर व्यवस्था को आईना दिखाती है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और पत्रकारों को किसी दबाव या प्रभाव से मुक्त होकर कार्य करना चाहिए।उन्होंने लखनऊ में प्रस्तावित महा सम्मेलन को पत्रकार हितों की लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए सभी पत्रकारों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। कहा कि जब तक पत्रकार सुरक्षित नहीं होगा, तब तक समाज को निर्भीक और निष्पक्ष सूचना नहीं मिल सकेगी।प्रदेश संयोजक (सांस्कृतिक प्रकोष्ठ) आरके भट्ट ने कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म सत्य और न्याय के पक्ष में खड़ा होना है। पत्रकार को किसी विचारधारा या व्यक्ति विशेष का पक्षकार बनने के बजाय समाज के हितों का प्रहरी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत तभी सार्थक होगी, जब वह निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ जनसरोकारों को आवाज दे।बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और पत्रकारों ने पत्रकार उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून को जल्द लागू किए जाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों को धमकियों, मुकदमों और हमलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके अधिकारों और सुरक्षा की गारंटी के लिए मजबूत कानून की आवश्यकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हृदयानन्द शर्मा ने की जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री विजय कुमार राव ने किया। बैठक में मंडल मंत्री अजय कुमार सिंह, जिला महामंत्री विनोद तिवारी, जिला सचिव मसरूर रिजवी, तहसील अध्यक्ष अर्जुन वेदांत, उग्रसेन कुमार गुप्ता, मुन्ना कुमार राय, सुभाष पटेल, संदीप सिंह, मंतोष कुमार जायसवाल, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे। बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा तथा लखनऊ का महा सम्मेलन पत्रकार एकता का नया अध्याय लिखेगा।