
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाने में शुक्रवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा देकर देश को नई दिशा दी। दोनों महापुरुषों का जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक है। इसके बाद डीसीपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता और जनसेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य धर्म जनसेवा है। पुलिसकर्मी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करें। इस दौरान एसीपी कल्याणपुर, थाना प्रभारी सहित सर्किल के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।