news-details

कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि, बिहार में 9 लोगों की मौत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी फिर से तेज हो गई है।बिहार के पटना समेत सात जिलों में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश हुई। पेड़ गिरने और बिजली गिरने की घटनाओं में राज्यभर में 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें सबसे ज्यादा 5 मौतें पटना में हुईं। तेज आंधी के कारण राजधानी में 600 से अधिक पेड़ गिर गए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।उत्तर प्रदेश के आगरा और जालौन में बारिश हुई, जबकि मऊ में ओले गिरे। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 17 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।राजस्थान का बाड़मेर शुक्रवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर और फलोदी में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास रहा। वहीं मध्य प्रदेश के रतलाम में पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गुजरात के अहमदाबाद में 43.1 डिग्री और महाराष्ट्र के वाशिम में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार 10 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।11 मई को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गरज-चमक का अनुमान है। पंजाब के पठानकोट, रूपनगर और मोहाली में तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। दक्षिण और मध्य बिहार में भी आंधी-बारिश का पूर्वानुमान है।राजस्थान में पश्चिमी जिलों में हीटवेव का असर शुरू हो गया है। वहीं नागौर, अजमेर, टोंक और सवाई माधोपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई। बूंदी में तेज आंधी के दौरान एक बुजुर्ग टिनशेड के साथ उड़कर करीब 80 फीट दूर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई।मध्य प्रदेश में भोपाल, छिंदवाड़ा और रायसेन समेत 20 से अधिक जिलों में शुक्रवार को हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।बिहार में पिछले 10 दिनों से लगातार तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। पटना में शुक्रवार को 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कई इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। आज राज्य के 20 जिलों में फिर से बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून समेत मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।