news-details

कबाड़ गोदाम में भीषण आग

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। किदवई नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। ऊंची उठती लपटों और काले धुएं को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे गोदाम से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में करीब 25 फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग से उठ रहा काला धुआं करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही किदवई नगर फायर स्टेशन की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए फजलगंज, मीरपुर और जाजमऊ फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब 25 फायरकर्मियों ने दो घंटे से अधिक समय तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। आग बुझाने में दिक्कत आने पर फायरकर्मियों ने गोदाम की साइड और पीछे की दीवार लोहे की रॉड से तोड़ी, ताकि अंदर पानी डाला जा सके। इसके बाद पाइप के जरिए लगातार पानी की बौछार कर आग को बुझाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार गोदाम किराए पर संचालित किया जा रहा था और इसे संजय नाम का व्यक्ति चला रहा था। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे संचालक संजय अपना गोदाम जलता देख भावुक हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।