
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बाबूपुरवा क्षेत्र में कुत्तों से बचकर भागा एक बिल्ली का बच्चा करीब 25 फीट ऊंचे पिलर पर फंस गया। काफी देर तक नीचे नहीं उतर पाने पर इलाके के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बिल्ली के बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया। बेगमपुरवा निवासी समाजसेवी साबिर हुसैन ने बताया कि इलाके में घूम रहे कुछ कुत्तों ने बिल्ली के छोटे बच्चे को दौड़ा लिया था। जान बचाने के लिए वह पास में बने दो मकानों के बीच स्थित ऊंचे पिलर पर चढ़ गया। ऊपर पहुंचने के बाद वह डर के कारण वहीं फंस गया और नीचे उतर नहीं पाया।स्थानीय लोगों ने पहले खुद उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनिमल हेल्पलाइन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना पर किदवई नगर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची।फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब एक घंटे बाद बिल्ली के बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। रेस्क्यू पूरा होने पर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और तालियां बजाकर फायर कर्मियों का उत्साह बढ़ाया।