news-details

कांशीराम पुण्यतिथि पर मंडल-जोन स्तर पर कार्यक्रम

You can share this post!

9 अक्टूबर की सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी बीवीएफ

संजीव भारती
लखनऊ।
 बसपा के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर इस बार उत्तर प्रदेश के सभी 75जिलों के कार्यकर्ता और समर्थक लखनऊ में पुरानी जेल रोड स्थित मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर आयेंगे। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत बहुजन समाज पार्टी अनुशासन बनाए रखने के लिए ठोस व्यवस्था कर रही है। मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल के बाहर और अंदर सड़क तक बहुजन वालेंटियर फोर्स के कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे। मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल के आसपास की सारी व्यवस्थाएं ठीक रखने के लिए लखनऊ मंडल के पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने सोमवार को मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को अपने अपने जिले व विधानसभा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मान्यवर कांशीराम साहब स्मारक स्थल पर पहुंच कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने की विशेष अपील की।राज्यस्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम के लिए बहुजन समाज पार्टी की ओर से दस नारे जारी किए गए हैं।


भारतीय राजनीति में बहुजन समाज को मिल रहा मान सम्मान मान्यवर कांशीराम की देन-विश्व नाथ पाल
मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर तैयारी की समीक्षा बैठक के पहले प्रदेश अध्यक्ष ने सामाजिक भाईचारा कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मान्यवर कांशीराम साहब के जीवन संघर्षों की याद दिलाई और कहा कि बहुजन समाज को भारतीय राजनीति में जो भी मान सम्मान और भागेदारी मिल रही है वह सब मान्यवर कांशीराम साहब की देन है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी बनाकर भारतीय राजनीति के व्याकरण को बदल दिया और बहुजन समाज को हुक्मरान समाज की लाइन में खड़ा कर दिया।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में छः राष्ट्रीय पार्टियां हैं। बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर सभी पार्टियां जातिवादी, संविधान विरोधी और आरक्षण विरोधी हैं। मान्यवर कांशीराम साहब के कथन की याद दिलाई और कहा कि कांग्रेस नागनाथ है, भाजपा सांपनाथ है। समाजवादी पार्टी कोई दल नहीं परिवार डेवलपमेंट एलांइस है।सपा ने बहुजन महापुरुषों को सबसे अधिक अपमान किया और एस सी/एस टी के आरक्षण को खत्म करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। सपा में शामिल होकर राजनीति करने वाले नेताओं को स्वार्थी,मिशन विरोधी और धोखेबाज बताया।बैठक में मुख्य मंडल प्रभारी और पूर्व एम एल सी भीम राव अम्बेडकर, मुख्य मंडल प्रभारी सुशील कुमार मुन्ना,विनय कुमार कश्यप, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।



अन्य राज्यों में संगोष्ठी के रूप में मनाई जाएगी पुण्यतिथि
उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त देश के अन्य राज्यों में मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि संगोष्ठी के रूप में मनाई जाएगी।जोन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।