
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया/कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को जनपद में पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेक्षक राधेश्याम मिश्रा (सेवानिवृत्त आईएएस) की अध्यक्षता में ब्रीफिंग एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रेक्षक राधेश्याम मिश्रा ने शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं समय से पूरी करने तथा परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को बेहतर वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, समयबद्ध वितरण एवं संकलन, ड्यूटी आवंटन तथा परीक्षा केंद्रों की निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने वॉशरूम के बाहर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने और यह देखने को कहा कि कोई भी अभ्यर्थी प्रश्नपत्र या अन्य सामग्री बाहर न ले जा सके।भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल, एम्बुलेंस और चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 12 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि पेपर लीक और नकल की किसी भी संभावना को समाप्त करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग पर विशेष निगरानी रखने, बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा कक्ष निरीक्षकों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अलर्ट मोड में रहकर परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया।बैठक के अंत में अपर जिलाधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।