
अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। पढ़ाई, नौकरी और नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर नेपाल के नागरिकों को ठगी के जाल में फंसाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का कुशीनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके चंगुल में फंसे 453 नेपाली नागरिकों को सकुशल नेपाल भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज, आभूषण, लैपटॉप और भारतीय-नेपाली मुद्रा बरामद हुई है।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में थाना कसया, सर्विलांस सेल, स्वाट टीम और एसटीएफ गोरखपुर की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस बड़े रैकेट का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि गिरोह नेपाल के बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर नौकरी, पढ़ाई और अधिक आय का लालच देकर कुशीनगर बुलाता था। यहां उन्हें किराए के मकानों में रखकर फर्जी आधार कार्ड और बॉन्ड पेपर के जरिए विश्वास में लिया जाता था तथा विभिन्न शुल्कों के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से ठगी का यह नेटवर्क चला रहे थे। गिरोह द्वारा वसूली गई रकम को सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौ कूटरचित आधार कार्ड, 60 बॉन्ड पेपर, एक लैपटॉप, आभूषण, 60,320 रुपये भारतीय मुद्रा, 14,290 रुपये नेपाली मुद्रा और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।मामले में थाना कसया में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।