news-details

कुशीनगर में 76.32 एकड़ में बनेगा रोजगार एवं औद्योगिक जोन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। जिले में उद्योगों के विकास और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर हाटा तहसील क्षेत्र के ग्राम पट्टन और सोनबरसा में सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन (SVPEIZ) की स्थापना के लिए कुल 76.32 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इस संबंध में प्रस्ताव उद्योग निदेशालय को भेज दिया गया है।
चिह्नित भूमि में ग्राम पट्टन की 55.45 एकड़ और ग्राम सोनबरसा की 20.87 एकड़ भूमि शामिल है। प्रस्तावित भूमि जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर, गोरखपुर से 30 किलोमीटर और हाटा तहसील मुख्यालय से लगभग आठ किलोमीटर की दूरी पर है। प्रशासन के अनुसार भूमि हाईटेंशन तारों से मुक्त है। यहां सड़क संपर्क और विद्युत आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध है तथा भूमि लो-लैंड की श्रेणी में नहीं आती है।
प्रशासन की ओर से चिह्नित भूमि की उपयोगिता का मूल्यांकन विशेषज्ञ टीम से कराने का प्रस्ताव भी उद्योग निदेशालय को भेजा गया है। भूमि चयन के बाद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने पर यहां औद्योगिक और रोजगारपरक गतिविधियों को विकसित करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में 50 एकड़ से अधिक भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने की घोषणा की गई थी। इसके तहत चयनित भूमि जिला मुख्यालय के आसपास, हाईटेंशन तारों से मुक्त, सड़क एवं बिजली की सुविधा से युक्त तथा जलभराव से मुक्त होने जैसे मानकों को पूरा करने वाली होनी चाहिए।
प्रस्तावित जोन में औद्योगिक प्लॉट, प्लग एंड प्ले औद्योगिक शेड, कौशल प्रशिक्षण केंद्र, रोजगार एवं प्लेसमेंट सुविधा, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, उत्पाद परीक्षण सुविधा, उत्पाद प्रदर्शन एवं डिजाइन केंद्र तथा उद्यमिता सहायता जैसी सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है। जरूरत के अनुसार ईटीपी/सीईटीपी, कामगारों के लिए हॉस्टल, बैंकिंग और अन्य व्यावसायिक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
प्रशासन के अनुसार, इससे जिले में निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे कुशीनगर में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की संभावना है।