
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कसया, कुशीनगर। जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) से संबद्ध मंडल क्रिकेट एसोसिएशन, गोरखपुर की ओर से अंडर-14 क्रिकेट ट्रायल का आयोजन 12 अगस्त, बुधवार को कुशीनगर में किया जाएगा। ट्रायल PSR क्रिकेट एकेडमी, अभिनायकपुर, कसया में होगा। इसके लिए खिलाड़ियों को सुबह नौ बजे रिपोर्ट करना होगा।
आयोजकों के अनुसार ट्रायल में शामिल होने वाले सभी पात्र खिलाड़ियों के लिए आवश्यक दस्तावेजों का मूल रूप में साथ लाना अनिवार्य किया गया है। खिलाड़ियों को UPCA की ओरिजिनल स्लिप और मूल आधार कार्ड लेकर पहुंचना होगा। किसी भी दस्तावेज की फोटो कॉपी अथवा प्रिंटआउट स्वीकार नहीं किया जाएगा। खिलाड़ियों से निर्धारित समय से पहले मैदान पर पहुंचने की अपील की गई है, जिससे पंजीकरण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं समय से पूरी की जा सकें।
रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी एवं PSR क्रिकेट एकेडमी के सचिव मो. सहीम हसन ने बताया कि कुशीनगर में यूपीसीए के अंडर-14 ट्रायल का आयोजन जिले की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुशीनगर जैसे जिले में इस स्तर के क्रिकेट ट्रायल का आयोजन होना क्षेत्र में प्रोफेशनल क्रिकेट के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कुशीनगर को ट्रायल के लिए चयनित करने पर मंडल क्रिकेट एसोसिएशन गोरखपुर का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित अवसर की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन उन खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
आयोजन में मंडल क्रिकेट एसोसिएशन गोरखपुर के अध्यक्ष शफीक सिद्दीकी, PSR क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर राधेश्याम सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान परसावा प्रेम प्रकाश दुबे, हाइलाईफ फर्नीचर के डायरेक्टर नवी हसन और रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी मो. सहीम हसन की भूमिका रहेगी।
ट्रायल स्थल: PSR क्रिकेट एकेडमी, अभिनायकपुर, कसया, कुशीनगर।
रिपोर्टिंग समय: सुबह नौ बजे।
दिनांक: 12 अगस्त 2026।