
नामांकन 18 से 24 सितंबर तक, 15 अक्टूबर को होगी मतगणना
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर।
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश की अधिसूचना के क्रम में कुशीनगर जिले के दो नगरीय वार्डों में रिक्त सदस्य पदों के लिए उपचुनाव की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है। नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड संख्या-14 संत गणिनाथ नगर और नगर पंचायत सेवरही के वार्ड संख्या-17 जवाहर नगर में उपचुनाव कराया जाएगा। आयोग की नगरीय निकाय निर्वाचन व्यवस्था के तहत प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होगी।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों वार्डों के लिए 18 से 24 सितंबर तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 25 सितंबर को होगी। अभ्यर्थी 28 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। 29 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।दोनों वार्डों में 13 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। नगर पालिका परिषद कुशीनगर का वार्ड-14 अनारक्षित है, जबकि नगर पंचायत सेवरही का वार्ड-17 पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है।नगर पालिका परिषद कुशीनगर के लिए विजय कुमार यादव, तहसीलदार न्यायिक कसया को रिटर्निंग ऑफिसर तथा राहुल खरवार, नायब तहसीलदार फाजिलनगर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। सेवरही के लिए गोपाल जी, तहसीलदार न्यायिक तमकुहीराज रिटर्निंग ऑफिसर और राजेश कुमार भारती, नायब तहसीलदार दुदही सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं।नामांकन प्रक्रिया कुशीनगर में उप जिलाधिकारी न्यायिक, कसया के कक्ष संख्या-3 तथा सेवरही में नायब तहसीलदार दुदही के न्यायालय कक्ष संख्या-8 में होगी। 18 सितंबर को सार्वजनिक सूचना जारी होने के साथ नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होगी।जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम