news-details

कुशीनगर की रैंकिंग फिसली, CDO सख्त

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

जनपद की गिरती रैंकिंग पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर फरवरी माह में 13वीं रैंकिंग से मार्च में गिरकर 30वें स्थान पर पहुंचने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई।
CDO ने स्पष्ट कहा कि यह गिरावट लापरवाही का संकेत है और इसे हर हाल में सुधारना होगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और अप्रैल माह में रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार लाएं।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि जननी सुरक्षा योजना के सभी लाभार्थियों का शत-प्रतिशत डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही सभी MOIC को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक होने वाली डीएम की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा में CDO ने कहा कि किसी भी स्तर पर डाटा या सत्यापन लंबित नहीं रहना चाहिए, जबकि जल जीवन मिशन के तहत ग्राम चौपाल के माध्यम से लोगों को जल कनेक्शन के लिए जागरूक करने को कहा गया।
पोषण अभियान के तहत सैम/मेम श्रेणी के बच्चों की निगरानी कर उन्हें आरबीएसके टीम के माध्यम से एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, मुसहर बस्तियों में विशेष कैंप लगाकर आधार कार्ड बनाने और पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
CDO ने दो टूक कहा कि “कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए” और सभी अधिकारियों को फील्ड में जाकर कार्यों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीएम डैशबोर्ड पर गलत या अपूर्ण डाटा फीडिंग के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, पोषण, ग्रामीण विकास और पेयजल सहित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए लगातार प्रयास करने को कहा गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश, जिला विकास अधिकारी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।