
लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग की इकलौती विशेषज्ञ डॉक्टर सोनम सुमन ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, उन्होंने इस्तीफे में कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। अधिकारियों के अनुसार संस्थान में वेतन विसंगति बड़ी समस्या बनी हुई है। कुछ डॉक्टरों को KGMU और PGI के समान वेतन दिया जा रहा है, जबकि अन्य को राज्य मेडिकल कॉलेज के अनुसार कम वेतन मिल रहा है। इसी असमानता को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। डॉक्टर के इस्तीफे से पेट सीटी जैसी महत्वपूर्ण जांच सेवाओं पर असर पड़ा है। इससे मरीजों को जांच के लिए अन्य केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। संस्थान में रोजाना करीब 400 मरीज OPD में आ रहे हैं और 300 बेड लगभग भरे रहते हैं। बीते पांच वर्षों में 28 विशेषज्ञ डॉक्टर, 60 से अधिक नर्सिंग स्टाफ और कई टेक्नीशियन संस्थान छोड़ चुके हैं। चार अहम विभागों में डॉक्टर नहीं हैं, जिससे कैंसर मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।