news-details

किसान दिवस पर खरीफ तैयारियों की समीक्षा

You can share this post!

 

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माह मई 2026 के “किसान दिवस” के अवसर पर कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा किसानों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा हुई।उप कृषि निदेशक ने पिछले माह प्राप्त शिकायतों के समाधान की जानकारी देते हुए विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र एवं उपकरण उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने किसानों से अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदने की अपील की तथा खेतों की मिट्टी जांच कराने पर जोर दिया, ताकि संतुलित उर्वरकों का उपयोग सुनिश्चित हो सके।बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य साबित हो सकती है।“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने औषधीय एवं फलदार पौधों के रोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 31 मई तक गड्ढों की खुदाई तथा 30 जून 2026 तक पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए।इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि रक्षा, भूमि संरक्षण, कृषि विपणन, आत्मा परियोजना और किसान कल्याण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।बैठक में कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।