पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सितंबर माह के किसान दिवस का आयोजन किया गया। शुरुआत में उप कृषि निदेशक ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त नौ शिकायतों के निस्तारण की आख्या किसानों को पढ़कर सुनाई।बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने कृषि, गन्ना, सिंचाई, जलभराव, फसल क्षति और कृषि योजनाओं से जुड़ी समस्याएं व सुझाव रखे। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।जिला उद्यान अधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मखाना की खेती, उत्पादन प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने जिले में मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विभागीय सहयोग का भरोसा दिलाया। जिला गन्ना अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सेवरही और खड्डा क्षेत्र में केन हार्वेस्टर उपलब्ध हैं तथा किसानों की सुविधा के लिए और मशीनें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।सीडीओ ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने 17 सितंबर को घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील भी की। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।