
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में सोमवार को किसान पथ पर हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। चकौली अंडरपास के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क सफाई कर रही मशीन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक की पहचान कृष्णानगर थाना क्षेत्र के जय प्रकाश नगर निवासी रंजन श्रीवास्तव के बेटे समर्थ श्रीवास्तव के रूप में हुई है। बताया गया कि समर्थ किसी काम से किसान पथ की ओर जा रहा था। इसी दौरान चकौली अंडरपास के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क सफाई मशीन से जा भिड़ी।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस टीम ने घायल युवक को तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।समदा चौकी प्रभारी शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। परिजनों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।स्थानीय लोगों ने किसान पथ पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सफाई के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने मांग की है कि हादसों को रोकने के लिए बेहतर संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था की जाए।